📰 अनोखी खबर: चुगली को बनाया कमाई का जरिया, पड़ोसियों के राज बेचकर खरीद लिए 2 आलीशान मकान
कोलंबिया के आर्मेनिया शहर की 67 वर्षीय मिरियम इन दिनों अपने अनोखे कारोबार को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। मिरियम ने पड़ोसियों की गॉसिप और निजी राजों को कमाई का जरिया बना लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिरियम अपने घर के बाहर बैठकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखती हैं और पड़ोसियों से जुड़ी छोटी-बड़ी जानकारियां अपनी नोटबुक में दर्ज करती हैं। इसके बाद जो लोग किसी पड़ोसी के बारे में कोई खास जानकारी चाहते हैं, उन्हें वह पैसे लेकर ये बातें बताती हैं।
बताया गया है कि सामान्य गॉसिप के लिए वह करीब 5,000 से 10,000 कोलंबियन पेसो लेती हैं, जबकि किसी बड़े राज या रिश्ते से जुड़े संवेदनशील मामले की कीमत इससे काफी ज्यादा हो सकती है। एक बड़े राज के लिए उनसे करीब 7 लाख कोलंबियन पेसो तक लिए जाने का दावा भी सामने आया है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि मिरियम का दावा है कि इसी अनोखे काम से हुई कमाई से उन्होंने दो मकान खरीद लिए है उनकी कहानी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग हैरान हैं। हालांकि, कुछ लोग दूसरों की निजी जिंदगी और राज को इस तरह पैसे लेकर साझा करने को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।
